टीएसएच में राष्ट्रीय टीटी चैंपियनशिप का आयोजन कानपुर के लिए गर्व की बात

 

 

  • कानपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता, देशभर से जुटे करीब 3,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक व तकनीकी अधिकारी
  • 28 अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्टैग रोमा टेबल पर हो रहे मुकाबले, बनाया गया विशेष शो कोर्ट , 10 लाख रुपये की प्राइजमनी
  • टीएसएच में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का शुभारंभ

 

कानपुर, 16 अगस्त।

आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के सत्र 2026-27 की पहली यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का रविवार को शानदार आगाज हुआ। समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 16 से 23 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की कुल प्राइजमनी 10 लाख रुपये रखी गई है।

कई वर्षों बाद कानपुर में राष्ट्रीय स्तर की इतनी बड़ी Ranking Table Tennis Championship का आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता के लिए टीएसएच में अंतरराष्ट्रीय मानकों की 28 Stag Roma Tables लगाई गई हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विशेष Show Court भी तैयार किया गया है।

टीएसएच में दिख रही विकसित भारत की तस्वीर : असीम अरुण

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ को इतनी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गौरव की बात है। टीएसएच जैसी सुविधा सरकार ने तैयार की और इसे PPP Model के तहत संचालित किया जा रहा है। आज यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है।

राष्ट्रीय टीटी चैंपियनशिप शहर के लिए गौरव : रमेश अवस्थी

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि टेबल टेनिस आज पूरी दुनिया में लोकप्रिय खेल बन चुका है। कानपुर के टीएसएच में National Table Tennis Tournament का आयोजन पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने टीएसएच के एमडी पीयूष अग्रवाल के खेलों के प्रति विजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शहर को International Level Infrastructure उपलब्ध हो सका है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान करीब 4,000 मैच खेले जाएंगे और देशभर से हजारों खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेलों के प्रति सकारात्मक सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए प्रदेश सरकार ने 350 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है।

अंडर-11 में पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों का दबदबा

प्रतियोगिता के अंडर-11 वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबलों में पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य के कुल 11 खिलाड़ियों ने एकल मुख्य ड्रा में जगह बनाई, जिसमें पांच बालक और छह बालिकाएं शामिल हैं। महाराष्ट्र के नौ खिलाड़ी मुख्य ड्रा में पहुंचे, जबकि तमिलनाडु, हरियाणा और दिल्ली के सात-सात खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया।

अंडर-11 बालक एकल वर्ग में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के पांच-पांच खिलाड़ी मुख्य ड्रा में पहुंचे। हरियाणा और दिल्ली के तीन-तीन तथा गुजरात और उत्तर प्रदेश के दो-दो खिलाड़ियों ने भी जगह बनाई।

बालक वर्ग में महाराष्ट्र के राजवर्धन तिवारी, नक्ष महाजन, अधिराज चौहान, निर्मित कुटे और आरव बापट ने क्वालीफाई किया। पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती, अर्जुन सेन, मयूख सरकार, अरिक दत्ता और दीपम सरदार तथा तमिलनाडु के ए.आर. सुंदरमूर्ति, एम. निबिश, अखिल विनोद, टी.के. अक्षत और एम. मुहम्मद रेहान भी मुख्य ड्रा में पहुंचे।

बालिका वर्ग में भी बंगाल का जलवा

अंडर-11 बालिका वर्ग में पश्चिम बंगाल की छह खिलाड़ियों ने मुख्य ड्रा में प्रवेश किया। इनमें कृतिका साइबो, शिवांगी मिश्रा, आयुषिका देब, अरिएत्री पाल, अस्मिता पॉल और वरेण्या सरकार शामिल हैं। हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र की चार-चार तथा कर्नाटक की तीन खिलाड़ियों ने भी मुख्य ड्रा में स्थान बनाया।

पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले

क्वालीफाइंग दौर में कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पुडुचेरी के एम. तसवंत ने तमिलनाडु के एम. निबिश को पांच गेम में 8-11, 13-15, 11-9, 11-6, 11-3 से हराया। वहीं तमिलनाडु के अखिल विनोद ने पश्चिम बंगाल के सरबजीर सरकार को कड़े मुकाबले में 11-7, 7-11, 11-9, 5-11, 17-15 से पराजित किया।

अंडर-11 बालक और बालिका एकल वर्ग के मुख्य ड्रा में 32-32 खिलाड़ी शामिल हैं। अंडर-11 का मुख्य ड्रा 17 अगस्त से शुरू होगा। वहीं अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले भी शुरू हो चुके हैं।

 

Leave a Comment