- सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक चली चयन प्रक्रिया, फिटनेस, एप्टीट्यूड और खेल कौशल का हुआ परीक्षण
कानपुर, 14 अगस्त।
नगर निगम और स्मार्ट सिटी के सहयोग से आर्यनगर स्थित टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के बच्चों के लिए संचालित Sports Promotion Scholarship/Subsidy Scheme के नौवें बैच के लिए शुक्रवार को चयन ट्रायल आयोजित किए गए। चयन प्रक्रिया में कुल 138 बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पांच-पांच के समूह में हुआ फिटनेस और एप्टीट्यूड टेस्ट
सुबह सात बजे शुरू हुई चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का पहले पांच-पांच के समूह में Physical Fitness और Aptitude Test कराया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों के संबंधित खेल के अनुसार Individual Sports Skill Test लिया गया। पूरी चयन प्रक्रिया दोपहर करीब एक बजे तक चली।
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा गठित समन्वय समिति के सदस्य मुकेश कुमार वर्मा, संजीव पाठक, डॉ. देवेश दुबे और राजीव गर्ग मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
आठ बैचों में 1962 खिलाड़ियों को मिल चुका प्रशिक्षण
आयोजन समिति के अनुसार, टीएसएच की इस योजना के तहत अब तक आठ बैचों में 1962 खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। नौवां बैच 24 अगस्त से शुरू होगा।
इस बार योजना के लिए 720 फॉर्म वितरित किए गए थे, जिनमें से 232 आवेदन प्राप्त हुए। नगर निगम द्वारा गठित चयन समिति ने जांच के बाद 156 फॉर्म स्वीकृत किए। इनमें से 138 बच्चों ने शुक्रवार को आयोजित ट्रायल में हिस्सा लिया।
चयनित बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं में मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
ट्रायल में सफल अभ्यर्थियों को 17 से 23 अगस्त के बीच आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करनी होगी। इसके बाद चयनित बच्चों का Biometric Verification किया जाएगा।
योजना के तहत चयनित बच्चों को टीएसएच में उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के साथ निःशुल्क Sports Training प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।