- तकनीकी दक्षता और कौशल की हुई परख, खिलाड़ियों में दिखा खासा उत्साह
- कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में महेंद्र ताइक्वांडो अकादमी में हुआ आयोजन
कानपुर, 11 अगस्त।
कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में बेल्ट प्रमोशन टेस्ट का आयोजन महेंद्र ताइक्वांडो अकादमी, एलआईसी पार्क, श्याम नगर में किया गया। टेस्ट में करीब 100 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी ताइक्वांडो प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और कौशल का प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के कार्यवाहक सचिव शैलेंद्र खरे ने बताया कि बेल्ट प्रमोशन टेस्ट के माध्यम से खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, कौशल एवं प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के परीक्षण खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानने और उन्हें दूर कर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव मनीष शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो केवल खेल ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महेंद्र कुमार, नीरज सिंह, राखी सक्सेना, दिव्या बाजपेयी, धीरेंद्र मौर्य, चंद्रमोहन, स्वर्णिमा निषाद, विजय दत्ता, वीरू और दीपांशु पटेल सहित अन्य प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।