सीबीएसई क्लस्टर-IV टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर का दबदबा

 

 

 

  • बालक-बालिका वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बना कानपुर का विद्यालय, 50 से अधिक स्कूलों के 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

 

कानपुर, 09 अगस्त।

सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर, कानपुर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-IV टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026-27 का भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक विद्यालयों के 400 से ज्यादा छात्र-खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर मेजबान सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर, कानपुर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, धैर्य और खेल भावना का परिचय दिया। व्यक्तिगत और टीम वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

खेल उत्कृष्टता के साथ टीम भावना और अनुशासन का संदेश

समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक रहे। विशिष्ट अतिथि गुरु नानक मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. बलविंदर सिंह तथा विशेष अतिथि कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन मौजूद रहे।

इसके अलावा सीबीएसई ऑब्जर्वर विवेक कुमार ओझा, प्रवक्ता न्यू एंजेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रतापगढ़ तथा डिप्टी चीफ रेफरी सुनील सिंह की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि संजीव पाठक ने आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को उनकी खेल भावना, समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।

खेल से व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण संभव

डॉ. बलविंदर सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, चरित्र निर्माण, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने पर जोर दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या भावना गुप्ता ने चैम्पियनशिप के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर ने जीती चैंपियन्स ट्रॉफी

समापन अवसर पर Individual और Team Categories के विजेताओं को पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ निष्पक्ष खेल भावना का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

समग्र विजेता (Overall Champion) सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर, कानपुर को प्रतिष्ठित Champions Trophy प्रदान की गई। प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग करने वाले अंपायरों, प्रशिक्षकों, टीम मैनेजरों और अधिकारियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या भावना गुप्ता ने औपचारिक रूप से प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

अंडर-14 में शौर्य गोयल और वर्तिका सिंह का शानदार प्रदर्शन

अंडर-14 बालक व्यक्तिगत वर्ग में एसएजे स्कूल, सेक्टर-डी, गोल्फ सिटी लखनऊ के शौर्य गोयल ने पहला स्थान हासिल किया। सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के मानस पोपटानी तीसरे तथा डीपीएस बारा के अपराजित सिंह भी तीसरे स्थान पर रहे, जबकि डीपीएस आजाद नगर के अधिराज मजूमदार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-14 बालिका व्यक्तिगत वर्ग में एसएजे स्कूल गोल्फ सिटी लखनऊ की वर्तिका सिंह प्रथम, डीपीएस आजाद नगर की प्रेक्षा तिवारी द्वितीय और गेल डीएवी पब्लिक स्कूल दिबियापुर की रियांशी गर्ग तृतीय रहीं।

अंडर-17 में मेजबान विद्यालय का जलवा

अंडर-17 बालक व्यक्तिगत वर्ग में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के आशुतोष गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया। द चिंतल्स स्कूल के विहान दूसरे तथा डीपीएस बारा के दक्ष सिंह तीसरे स्थान पर रहे। एसएजे स्कूल गोल्फ सिटी के सम्मम लखमानी ने भी तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-17 बालिका वर्ग में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर की कावी ए. शाह विजेता बनीं। नवयुग रेडिएंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल लखनऊ की भार्गवी त्रिपाठी दूसरे और लखनऊ पब्लिक स्कूल कानपुर रोड की अग्रिमा सिंह तथा डीपीएस आजाद नगर की अंशिका गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।

अंडर-19 में दक्ष खंडेलवाल और अबाना ल्याल अव्वल

अंडर-19 बालक व्यक्तिगत वर्ग में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के दक्ष खंडेलवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। जेबी एकेडमी विष्णुपुरी अयोध्या के जतिन बाजा दूसरे तथा डीपीएस सेक्टर-6 जानकीपुरम लखनऊ के आयुष बग्गा और एसएसडी एजुकेशन सेंटर कौशलपुरी कानपुर के आदित्य राज सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालिका वर्ग में डीपीएस आजाद नगर की अबाना ल्याल ने प्रथम स्थान हासिल किया। लखनऊ पब्लिक स्कूल साउथ सिटी की विदिता विकास दूसरे और सेंट पीटर्स स्कूल इटावा की रिचा निषाद तथा डीपीएस बिठूर रोड कानपुर की प्रशस्ति सिंह तीसरे स्थान पर रहीं।

टीम वर्ग में भी मेजबान विद्यालय का वर्चस्व

टीम स्पर्धाओं में भी सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक टीम वर्ग में एसएजे स्कूल गोल्फ सिटी लखनऊ ने पहला, सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर ने दूसरा और डीपीएस आजाद नगर व डीपीएस बारा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-17 बालक टीम वर्ग में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर प्रथम, द चिंतल्स स्कूल द्वितीय तथा डीपीएस आजाद नगर और एसएजे स्कूल गोल्फ सिटी तृतीय रहे।

अंडर-17 बालिका टीम वर्ग में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर ने पहला स्थान हासिल किया। एलपीएस एलडीए कॉलोनी लखनऊ दूसरे तथा जेबी एकेडमी अयोध्या और एलपीएस उन्नाव तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालक टीम वर्ग में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर विजेता बना। एलपीएस एलडीए कॉलोनी लखनऊ दूसरे तथा एसएसडी एजुकेशन सेंटर कौशलपुरी और डीपीएस आजाद नगर तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालिका टीम वर्ग में डीपीएस आजाद नगर ने प्रथम, लखनऊ पब्लिक स्कूल साउथ सिटी ने द्वितीय तथा डीपीएस बिठूर रोड और जेबी एकेडमी अयोध्या ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

विद्यालय प्रबंधन ने दी आयोजन की सफलता पर बधाई

विद्यालय की अध्यक्षा मनोरमा गोविंद हरि जी सिंघानिया, उपाध्यक्ष अभिषेक सिंघानिया, उपाध्यक्षा वर्षा सिंघानिया तथा उपाध्यक्ष एवं निदेशक पार्थो पी. कर ने चैम्पियनशिप के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, शिक्षकों और आयोजन समिति को बधाई दी।

 

Leave a Comment