- 92 अंपायर्स और 32 स्कोरर्स ने तीन दिवसीय कार्यशाला में सीखे क्रिकेट नियमों की दी परीक्षा
कानपुर, 9 अगस्त।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा आयोजित अंपायर्स एवं स्कोरर्स की तीन दिवसीय कार्यशाला के बाद रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम स्थित न्यू प्लेयर्स पविलियन में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 92 अंपायर्स और 32 स्कोरर्स ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक विशेषज्ञों से क्रिकेट के नियमों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी हासिल करने के बाद परीक्षार्थियों ने आज लिखित परीक्षा में अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

ढाई घंटे में हल किया प्रश्नपत्र, हिंदी-अंग्रेजी दोनों में लिखे उत्तर
अंपायर्स और स्कोरर्स दोनों वर्ग के परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए ढाई घंटे का समय दिया गया। परीक्षार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रश्नों के उत्तर देने की सुविधा दी गई। परीक्षा में क्रिकेट के नियमों, अंपायरिंग तकनीक, स्कोरिंग सिस्टम और मैच के दौरान आने वाली विभिन्न परिस्थितियों से जुड़े सवाल पूछे गए।
80 प्रतिशत अंक पाने वालों को मिलेगा अगली परीक्षा का मौका
अंपायर कमेटी के अध्यक्ष मनोज पुंडीर ने बताया कि लिखित परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी ही अगले चरण के लिए पात्र होंगे। सफल अभ्यर्थियों की 15 सितंबर के बाद प्रैक्टिकल और मौखिक परीक्षा (Viva) आयोजित की जाएगी। इसके आधार पर अंपायर्स और स्कोरर्स के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
विशेषज्ञों की मौजूदगी में संपन्न हुई परीक्षा
परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने में एजुकेटर अनिल चौधरी और पी. जयपाल के साथ अंपायर कमेटी के अध्यक्ष मनोज पुंडीर, बीसीसीआई स्कोरर एस.पी. सिंह, ए.पी. सिंह और अनुराग राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को Cricket Laws, Umpiring Skills, Scoring Techniques, Match Situations और Rules Interpretation से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।