ग्रीन पार्क में प्रदेश स्तरीय अंपायर एवं स्कोरर कार्यशाला का शुभारंभ, 35 जनपदों के 133 प्रतिभागी ले रहे प्रशिक्षण

 

  • यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया उद्घाटन, लिखित परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए मिलेगा मौका

 

कानपुर, 6 जुलाई।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा ग्रीन पार्क स्टेडियम स्थित नवनिर्मित प्लेयर्स पवेलियन में गुरुवार को प्रदेश स्तरीय अंपायर एवं स्कोरर प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन कार्यक्रम (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया। तीन वर्ष बाद आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में प्रदेश के 35 जनपदों से 96 अंपायर और 37 स्कोरर सहित कुल 133 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

80 प्रतिशत अंक लाने वालों को मिलेगा अगले चरण का अवसर

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को सितंबर माह में आयोजित होने वाली प्रायोगिक, मौखिक और विजुअल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

विशेषज्ञों ने साझा किया अनुभव

कार्यक्रम का शुभारंभ यूपीसीए अंपायर समिति के चेयरमैन मनोज पुंडीर के स्वागत भाषण से हुआ। पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने प्रतिभागियों को अंपायरिंग के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सफल अंपायर बनने के लिए खेल के नियमों की गहरी समझ, निष्पक्षता और निरंतर अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने कार्यशाला के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

महिला अंपायर और स्कोरर की भी उल्लेखनीय भागीदारी

इस कार्यशाला में सात महिला अंपायर और दो महिला स्कोरर भी हिस्सा ले रही हैं, जो क्रिकेट में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त उपस्थिति का संकेत है।

स्कोरिंग की भूमिका पर दिया विशेष व्याख्यान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वरिष्ठ एजुकेटर (स्कोरिंग) पी. जयपाल ने स्कोरर की जिम्मेदारियों, आधुनिक स्कोरिंग प्रणाली और मैच संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।

क्रिकेट विकास के लिए प्रशिक्षण जरूरी: प्रेम मनोहर गुप्ता

यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कार्यशाला के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्रिकेट के समग्र विकास के लिए प्रशिक्षित अंपायर और स्कोरर तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन क्रिकेट के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन पदाधिकारियों ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, निदेशक रियासत अली ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में डॉ. गौरहरि सिंहानिया क्रिकेट अकादमी के सीईओ दीपक शर्मा ने सभी अतिथियों, एजुकेटर और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्हें प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर यूपीसीए के वाइस प्रेसिडेंट (फाइनेंस एंड स्ट्रेटजी) सुजीत श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (महिला) रीता डे, महाप्रबंधक (वित्त एवं अकाउंट्स) अनुराग गुप्ता, समिति सदस्य अनुराग राठौर, बीसीसीआई के मुख्य स्कोरर एस.पी. सिंह, ए.पी. सिंह सहित यूपीसीए के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment