जिला एथलेटिक्स मीट के लिए एंट्री की अंतिम तिथि 6 अगस्त तक बढ़ी

 

  • खिलाड़ियों को मिला अतिरिक्त मौका, अब 6 अगस्त रात 11:59 बजे तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण
  • 8 और 9 अगस्त को आईआईटी कानपुर में होगी जिला एथलेटिक्स मीट

 

कानपुर, 5 अगस्त।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कानपुर एवं आईआईटी कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में 8 एवं 9 अगस्त को आयोजित होने वाली निःशुल्क जिला एथलेटिक्स मीट के लिए ऑनलाइन प्रविष्टि (एंट्री) की अंतिम तिथि बढ़ाकर 6 अगस्त रात्रि 11:59 बजे कर दी गई है। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए खिलाड़ियों की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

केवल ऑनलाइन ही स्वीकार होंगी प्रविष्टियां

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अवैतनिक सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने बताया कि पूर्व में जारी सूचना के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों की एंट्री केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।

8 अगस्त को सुबह 7 बजे से होंगी लंबी दूरी की दौड़

प्रतियोगिता कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को अंडर-20 बालक वर्ग तथा महिला एवं पुरुष वर्ग की 1500 मीटर दौड़ और अंडर-16 बालक एवं बालिका वर्ग की 1000 मीटर दौड़ का आयोजन प्रातः 7 बजे से किया जाएगा। इसके अलावा सभी अन्य स्पर्धाएं सुबह 9 बजे से शुरू होंगी।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने और निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

 

Leave a Comment