- आनंद, अब्दुल और आहिल के गोल से शानदार जीत, गगन-उत्सव-अनन्य की मजबूत डिफेंस ने नहीं दिया कोई मौका
- मऊ में पहले ही मुकाबले में कानपुर का दमदार प्रदर्शन
कानपुर, 1 अगस्त।
मऊ में 1 से 8 अगस्त तक आयोजित जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में कानपुर मंडल ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए चित्रकूट मंडल को 3-0 से पराजित किया। कानपुर की टीम ने आक्रामक खेल के साथ मजबूत रक्षापंक्ति का प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच में विपक्षी टीम को गोल करने का कोई अवसर नहीं दिया।
अब्दुल ने दिलाई शुरुआती बढ़त
पहले हाफ में दोनों टीमों ने सतर्क खेल दिखाया। मैच के 19वें मिनट में कानपुर को लगभग 30 गज की दूरी से फ्री-किक मिली। आनंद के शानदार शॉट के क्रॉसबार से टकराने के बाद गेंद अब्दुल के पास पहुंची, जिन्होंने बेहतरीन हेडर के जरिए गोल दागकर कानपुर को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद उज्ज्वल के पास बढ़त दोगुनी करने का आसान मौका था, लेकिन वह उसे भुना नहीं सके। पहले हाफ तक कानपुर 1-0 से आगे रहा।
दूसरे हाफ में आहिल और आनंद ने पक्की की जीत
दूसरे हाफ की शुरुआत से ही कानपुर के स्ट्राइकर लगातार आक्रमण करते रहे। मैच के 56वें मिनट में आहिल ने तेज़ और सटीक शॉट लगाकर दूसरा गोल किया, जिसे चित्रकूट के गोलकीपर रोक नहीं सके। इसके बाद अंतिम मिनटों में आनंद ने फ्री-किक को शानदार गोल में बदलते हुए टीम की 3-0 की यादगार जीत सुनिश्चित कर दी।
रक्षापंक्ति बनी ‘चीन की दीवार’
कानपुर की जीत में डिफेंडर गगन, अनन्य, आनंद और उत्सव का अहम योगदान रहा। चारों खिलाड़ियों ने पूरे मैच में बेहतरीन तालमेल के साथ रक्षा पंक्ति संभाली और चित्रकूट मंडल के हर हमले को विफल कर दिया। उनकी मजबूत डिफेंस के चलते विपक्षी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
टीम के साथ मौजूद रहे अधिकारी व कोच
इस अवसर पर टीम के साथ सचिव अजीत सिंह, नेशनल खिलाड़ी एवं कोच अमित नारंग, आसिफ इकबाल, अमित वर्मा, शैलेन्द्र रावत, फिजियो जावेद शेख तथा नेशनल रेफरी देबुजीत सिंह यादव मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।