- विवान गांधी की 24 गेंदों में 62 रन की तूफानी पारी, अंडर-14 में अर्नव ओबेरॉय के हरफनमौला खेल से मिली जीत
कानपुर, 28 जुलाई।
स्थानीय सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, कैंट में आयोजित तीन दिवसीय CISCE नॉर्थ जोन अंडर-14 एवं अंडर-17 (बालक) क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन मेजबान सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों आयु वर्गों के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अंडर-17 वर्ग में विवान गांधी की विस्फोटक बल्लेबाजी और अंडर-14 में अर्नव ओबेरॉय के चतुर्मुखी प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

विवान गांधी ने 24 गेंदों में जड़े 62 रन
अंडर-17 के पहले सेमीफाइनल में सेठ आनंदराम जयपुरिया का मुकाबला वेंडी, नरामऊ से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए जयपुरिया ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 122 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज विवान गांधी ने महज 24 गेंदों में 9 छक्कों की मदद से 62 रन की विस्फोटक पारी खेलकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेंडी, नरामऊ की टीम 10 ओवर में 9 विकेट पर 85 रन ही बना सकी। जयपुरिया की ओर से विराट चौहान और वेदांत ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 37 रन की शानदार जीत दिलाई।
सेंट एलेशियस बना अंडर-17 का दूसरा फाइनलिस्ट
दूसरे सेमीफाइनल में सेंट एलेशियस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट पर 96 रन बनाए। दिव्य शुक्ला ने 23 और अनमोल ने 20 रन का योगदान दिया। मेथोडिस्ट हाई स्कूल की ओर से यशब सिंह ने 13 रन देकर तीन विकेट झटके।
जवाब में मेथोडिस्ट हाई स्कूल की टीम 10 ओवर में 5 विकेट पर 81 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ सेंट एलेशियस ने फाइनल में जगह बना ली।
अर्नव ओबेरॉय के हरफनमौला प्रदर्शन से अंडर-14 फाइनल में जयपुरिया
अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल में सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल ने अर्नव ओबेरॉय के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत सेंट एलेशियस को 19 रन से पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया।
अब अंडर-14 का फाइनल सेठ आनंदराम जयपुरिया और सेंट लॉरेंस के बीच सेंट एलेशियस मैदान पर खेला जाएगा।
कल होंगे दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले
अंडर-17 वर्ग का फाइनल मुकाबला सेठ आनंदराम जयपुरिया और सेंट एलेशियस के बीच जयपुरिया ग्राउंड पर सुबह 11 बजे खेला जाएगा। वहीं अंडर-14 वर्ग के खिताबी मुकाबले में जयपुरिया का सामना सेंट लॉरेंस से होगा।
प्रतियोगिता के दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग से वीरेन्द्र त्रिपाठी, सुशील चंद्रा, सौरभ श्रीवास्तव, अरुण दत्ता, शरद मिश्रा, बलविंदर सिंह एवं विकाशदीप सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।