- 250 से अधिक खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, यूपी क्रिकेट को मिलेगा आईपीएल जैसा मंच
आगरा/कानपुर, 22 जुलाई।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन को लेकर गुरुवार को आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि लीग का शुभारंभ 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जबकि 6 सितंबर को फाइनल मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।

आईपीएल की तर्ज पर होगा आयोजन
डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग के मुकाबले मुख्य रूप से लखनऊ और कानपुर में आयोजित किए जाएंगे। भविष्य में प्रतियोगिता का प्रारूप बदलकर प्रदेश के अन्य शहरों में भी मैच कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन पूरी तरह आईपीएल की तर्ज पर होगा, जिससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी बड़े टूर्नामेंट जैसा अनुभव मिलेगा।
250 से अधिक खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को होने वाले ऑक्शन में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। ऑक्शन का संचालन अभिनेता एवं क्रिकेट ऑक्शनर अंगद बेदी करेंगे। इस दौरान 10 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 5 लाख रुपये, 45 खिलाड़ियों का 3.5 लाख रुपये तथा शेष खिलाड़ियों का 2.5 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
फ्रेंचाइजियों के पास इतना है पर्स बैलेंस
ऑक्शन से पहले विभिन्न टीमों के पास उपलब्ध पर्स बैलेंस इस प्रकार है—
गोरखपुर लायंस – 55.90 लाख रुपये
नोएडा सुपर किंग्स – 80.60 लाख रुपये
मेरठ मावेरिक्स – 28.70 लाख रुपये
लखनऊ फाल्कंस – 30.20 लाख रुपये
काशी रुद्रास – 47.15 लाख रुपये
कानपुर सुपरस्टार्स – 60 लाख रुपये
जल्द शुरू होगी महिला यूपी टी20 लीग
डॉ. संजय कपूर ने बताया कि यूपी टी20 लीग की तर्ज पर जल्द ही महिला यूपी टी20 लीग भी शुरू की जाएगी, जिसकी तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगी और प्रदेश में क्रिकेट के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। लीग का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, यूपीसीए गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह तथा यूपीसीए के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मोहम्मद फहीम ने मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।