- अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में जीते खिताब, सत्यम गिरी, कवि शाह, मुस्कान सोनकर और तानिया राणा भी बने चैंपियन
कानपुर, 12 जुलाई।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित तृतीय कानपुर जिला टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में शहर के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सबसे सफल खिलाड़ी आशुतोष गुप्ता रहे, जिन्होंने अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं सत्यम गिरी, कवि शाह, मुस्कान सोनकर और तानिया राणा ने भी अपने-अपने वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

आशुतोष गुप्ता ने दो वर्गों में जमाया दबदबा
अंडर-17 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में आशुतोष गुप्ता ने अधिराज मजूमदार को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दक्ष खंडेलवाल ने सृजन महाजन को मात दी। फाइनल में आशुतोष ने दक्ष को 11-4, 11-5, 11-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-19 बालक वर्ग में भी आशुतोष ने सेमीफाइनल में अधिराज मजूमदार और फाइनल में सृजन महाजन को पराजित कर प्रतियोगिता का दूसरा खिताब जीत लिया।

बालिका वर्ग में कवि शाह और मुस्कान सोनकर का शानदार प्रदर्शन
अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में कवि शाह ने प्रेक्षा तिवारी को सीधे गेमों में हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग के रोमांचक फाइनल में मुस्कान सोनकर ने दो गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए कवि शाह को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
सत्यम गिरी और तानिया राणा बने ओपन वर्ग के विजेता
पुरुष वर्ग के फाइनल में सत्यम गिरी ने दुर्वांक को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती। महिला वर्ग के फाइनल में तानिया राणा ने सुविज्ञा कुशवाहा को 3-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पी.एन. निगम और ओ.एन. गुप्ता का हुआ सम्मान
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित तथा उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव पाठक ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर खेलों में विशेष योगदान के लिए पी.एन. निगम और ओ.एन. गुप्ता को सम्मानित किया गया।
समारोह में शिवांग मिश्रा, गीता टंडन कपूर, सचिव संजय टंडन, सुनील सिंह, अनुराग जायसवाल, अविनाश यादव, अनिल वर्मा, अभिसारिका यादव, रवि पोपतानी, साहिल श्रीवास्तव, आयुष पटेल, यश तिवारी और सत्यम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।