- कल से शुरू होगी चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक महिला क्रिकेट प्रतियोगिता
- विजेता टीम को ₹21 हजार और उपविजेता को ₹15 हजार का नगद पुरस्कार मिलेगा
कानपुर, 23 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन (केसीए) के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता फॉर स्पार्क कप का शुभारंभ मंगलवार से लोको मैदान, टाट मिल के पास, कानपुर में होगा। प्रतियोगिता में प्रदेश की छह प्रमुख महिला क्रिकेट टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कानपुर रेड, कानपुर ब्लू, उन्नाव क्रिकेट एसोसियेशन, गाजीपुर मण्डल, सहारनपुर क्रिकेट एसोसियेशन तथा क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ की टीमें भाग लेंगी। सभी मुकाबले 35-35 ओवर के प्रारूप में लाल गेंद से खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।
प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा।
टूर्नामेंट की विजेता टीम को ₹21,000 तथा उपविजेता टीम को ₹15,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इससे महिला क्रिकेटरों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कानपुर रेड और उन्नाव क्रिकेट एसोसियेशन के बीच मंगलवार प्रातः 7:30 बजे से खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का उद्देश्य महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।