- तीन दिवसीय प्रतियोगिता में लगभग 100 टीमों की चुनौती, पहले दिन रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी समेत खेल जगत की हस्तियों की मौजूदगी, खिलाड़ियों को अनुशासन और नेतृत्व का संदेश
कानपुर, 22 जून।
गुरु हर राय स्कूल, कोयला नगर में आयोजित तीन दिवसीय 3×3 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 22 से 24 जून तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्गों की लगभग 100 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम
बालक वर्ग
अल्फा हंटर्स ने मर्सी मेमोरियल स्कूल को 8-2 से हराया (अंडर-14)
सीएसजेएमयू सब जूनियर ने डीजे वाले बाबू को 12-2 से पराजित किया
अल्फा हंटर्स ने मदर टेरेसा, कोयला नगर को 9-0 से शिकस्त दी
जेएनएस हूपर्स ने चिंटल्स मिनी को 7-5 से हराया
एसएएफ ने अल्फा फ्यूरियस को 5-3 से पराजित किया
क्वीन हंटर्स ने बेंचमेट्स को 9-5 से हराया
न्यूयॉर्क नॉक्स ने बून्स को 14-7 से मात दी
बालिका वर्ग
हूप हसलर्स ने नेट निंजाज को 2-0 से हराकर विजयी शुरुआत की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनमोहन सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जसबीर सिंह उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका गुप्ता शामिल रहीं।
इस अवसर पर कानपुर देहात बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष उल्लास वाही, मानद महासचिव शिवराज शाह, कोषाध्यक्ष विनय पांडेय तथा सीएसजेएम विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव भी मौजूद रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदेश में बास्केटबॉल प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजन समिति के के.के. यादव, शोभित दीक्षित, संजीव सचान, नवल तिवारी, अतुल पटेल, गोविंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।