- श्वेता वर्मा की नाबाद पारी और सौम्या पाल की शानदार गेंदबाजी से 5 विकेट की जीत
- लीग चरण में डैम स्ट्राइकर्स का दबदबा, अब अवी फाउण्डेशन से फाइनल में होगी खिताब की जंग
कानपुर, 18 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित छठवीं राज रतन महिला लीग के अंतर्गत बी०सी०ए० मैदान, गंगा बैराज में खेले गए मुकाबले में डैम स्ट्राइकर्स ने अवी फाउण्डेशन को 5 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि अंक तालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहने के कारण दोनों टीमें एक बार फिर शुक्रवार को खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।


पहले बल्लेबाजी करते हुए अवी फाउण्डेशन ने निर्धारित 35 ओवरों में 9 विकेट पर 132 रन बनाए। टीम की ओर से सिमरन भाटी ने नाबाद 29 रन, माही राजपूत ने 27 रन तथा शेख राफिया ने 18 रनों का योगदान दिया। डैम स्ट्राइकर्स की ओर से सौम्या पाल और क्षमा सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।
133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डैम स्ट्राइकर्स की टीम ने 30.4 ओवरों में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। श्वेता वर्मा ने नाबाद 41 रनों की मैच विजयी पारी खेली, जबकि काव्या बन्दोह ने 28 और नन्दनी साहू ने 21 रन बनाए। अंत में अर्चना देवी ने 13 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
अवी फाउण्डेशन की ओर से एंजलीना वर्मा ने 3 विकेट लेकर संघर्ष किया, जबकि सिद्धी मिश्रा को 1 सफलता मिली।
डैम स्ट्राइकर्स की जीत में गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावी प्रदर्शन करने वाली सौम्या पाल को वूमैन ऑफ द मैच चुना गया।