- केडीएमए क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल में पीएसी को 5 विकेट से हराकर रोवर्स ने बनाई खिताबी मुकाबले में जगह
कानपुर, 16 जून।
केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत एवरेस्ट मैदान पर खेले गए सीनियर डिवीजन एलीट ग्रुप के सेमीफाइनल मुकाबले में रोवर्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीएसी को 5 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। रोवर्स की जीत के नायक आयुष रहे, जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएसी की टीम 29.2 ओवर में 207 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से कुमार विनायक सिंह ने 44, विराट जायसवाल ने 42, आदित्य पाण्डे ने 35, फरहान हक ने 26 और अनुज मिश्रा ने 20 रन का योगदान दिया। रोवर्स क्लब की ओर से देवांश चतुर्वेदी और सुव्रत प्रसाद तिवारी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि फैज अहमद ने दो विकेट अपने नाम किए।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोवर्स क्लब की टीम ने 26 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। घनश्याम उपाध्याय ने 46 और सत्यम पाण्डे ने 20 रन बनाए, जबकि आयुष ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 103 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। पीएसी की ओर से कुमार विनायक सिंह और प्रिन्सू यादव ने दो-दो विकेट लिए।
आयुष की बेहतरीन शतकीय पारी और गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन की बदौलत रोवर्स क्लब ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।