- तृतीय दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में आनन्देश्वर लैमिनेटर, किक आई-टी स्ट्राइक्स और एसजेएम स्पोर्ट्स एकेडमी ने दर्ज की जीत
कानपुर, 16 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध स्पोर्टिंग यूनियन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तृतीय दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए तीन मुकाबलों में आनन्देश्वर लैमिनेटर, किक आई-टी स्ट्राइक्स और एसजेएम स्पोर्ट्स एकेडमी ने प्रभावशाली जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कानपुर साउथ-बी मैदान पर खेले गए मुकाबले में आनन्देश्वर लैमिनेटर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 6 विकेट पर 371 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। राजवीर मल्होत्रा ने 178 रन और शिवांश सिंह ने 114 रन की शानदार शतकीय पारियां खेलीं, जबकि तेजस गुप्ता 23 रन बनाकर नाबाद रहे। रचित फाइनेंशियल की ओर से अनुराग वर्मा और दक्षराज प्रजापति ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में रचित फाइनेंशियल की टीम 35 ओवर में 4 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। अनन्त कुमार मिश्रा ने नाबाद 103 रन, कृष्णा दुबे ने 68 और कबीर यादव ने 29 रन बनाए। आनन्देश्वर लैमिनेटर ने यह मुकाबला 125 रन से जीत लिया। शानदार 178 रन की पारी के लिए राजवीर मल्होत्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कानपुर साउथ-ए मैदान पर किक आई-टी स्ट्राइक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 34.2 ओवर में 202 रन बनाए। स्वरित वर्मा ने 53, आजाद द्विवेदी ने 33, प्रशांत यादव ने 32 और ईशान ने 23 रन का योगदान दिया। पटेल प्रॉपर्टीज की ओर से फैज आलम ने 3 विकेट, जबकि आदित्य श्रीवास्तव और ताराक्ष्य यादव ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पटेल प्रॉपर्टीज की टीम 25 ओवर में 138 रन पर सिमट गई। अयमान पठान ने 32, सार्थक राना ने 31 और ईशांत रावल ने 21 रन बनाए। किक आई-टी स्ट्राइक्स की ओर से तेजस ठाकुर, अद्यविक शुक्ला और यशु मिश्रा ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 64 रन की जीत दिलाई। ईशान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आरपीसीए मैदान पर खेले गए तीसरे मुकाबले में एसजेएम स्पोर्ट्स एकेडमी ने 35 ओवर में 7 विकेट पर 241 रन बनाए। मुसाब सैयद ने 71, श्रेयांस ने 61 और रोहित राजपूत ने 45 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। रवनीत टिफिन सर्विसेज के अखण्ड प्रताप सिंह ने 4 विकेट झटके।
जवाब में रवनीत टिफिन सर्विसेज की पूरी टीम 28.3 ओवर में 156 रन पर ऑल आउट हो गई। अनुरुद्ध सिंह ने 40 और अखण्ड प्रताप सिंह ने 28 रन बनाए। एसजेएम स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से आदित्य यादव ने 3, जबकि वंश और आराव भारद्वाज ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 85 रन की शानदार जीत दिलाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुसाब सैयद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।