आदित्य यादव के तूफानी अर्धशतक से एफजीके क्रिकेट अकैडमी की बड़ी जीत

 

 

  • यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप में तनमय क्रिकेट अकैडमी को 74 रन से हराया
  • अभियांश की घातक गेंदबाजी ने किया कमाल
  • 63 रन की विस्फोटक पारी खेल आदित्य बने जीत के नायक

कानपुर, 13 जून।

सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकैडमी (एसपीएसएसए) द्वारा आयोजित अंडर-15 यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप-2026 (YTCPL 2026) के अंतर्गत शनिवार को खेले गए लीग मुकाबले में एफजीके क्रिकेट अकैडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तनमय क्रिकेट अकैडमी को 74 रनों से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए एफजीके क्रिकेट अकैडमी ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। टीम के स्टार बल्लेबाज आदित्य यादव ने मात्र 34 गेंदों में 63 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी आकर्षक पारी में उन्होंने 7 छक्के और 2 चौके जड़ते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

अभियांश की धारदार गेंदबाजी के आगे बिखरी तनमय अकैडमी

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तनमय क्रिकेट अकैडमी की शुरुआत खराब रही। एफजीके के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट झटके। पूरी टीम 17 ओवर में मात्र 81 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

एफजीके क्रिकेट अकैडमी की ओर से अभियांश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन ने विपक्षी टीम की वापसी की उम्मीदों को पूरी तरह समाप्त कर दिया।

आदित्य और अभियांश को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार

मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए आदित्य यादव को “प्लेयर ऑफ द मैच” और “बेस्ट बैटर” चुना गया। वहीं गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अभियांश को “बेस्ट बॉलर” और “फाइटर ऑफ द मैच” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Leave a Comment