- 15 जून से आवेदन पत्र वितरण, 26 जून अंतिम तिथि
- 1 जुलाई से होंगे चयन ट्रायल, 6 जुलाई से शुरू होगा प्रशिक्षण
- पहली बार क्रिकेट के 44 खिलाड़ियों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
- 10 खेलों में 304 प्रतिभावान आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों का होगा चयन
- समन्वय समिति की बैठक में चयन प्रक्रिया और कार्यक्रम को मिली मंजूरी
कानपुर, 12 जून।
द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में संचालित ‘‘स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप/सब्सिडी टू आउटस्टैंडिंग इकोनॉमिकली वीक स्पोर्ट्स पर्सन्स (ईडब्ल्यूएस)’’ योजना के नौवें बैच के संचालन को लेकर शुक्रवार को समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक दोपहर एक बजे टीएसएच परिसर में हुई, जिसमें आगामी सत्र की चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रम और खेलवार सीटों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त नगर आयुक्त-द्वितीय जगदीश यादव, कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रतिनिधि मुकेश कुमार वर्मा, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक, डीएवी कॉलेज के प्रोफेसर एवं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. देवेश दुबे, ऑडी स्टेडिया कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजीव गर्ग तथा ट्रांस स्टेडिया के प्रतिनिधि पी.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रतिनिधि अमित यादव स्थानांतरण के कारण बैठक में अनुपस्थित रहे। समिति को बताया गया कि उनके स्थान पर शीघ्र ही नया सदस्य नामित किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्तमान आठवें बैच का प्रशिक्षण 5 जुलाई 2026 को समाप्त होगा तथा नौवें बैच का प्रशिक्षण 6 जुलाई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए आवेदन पत्रों का वितरण 15 जून 2026 से शुरू होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन ट्रायल 1 जुलाई 2026 से आयोजित किए जाएंगे।
इस बार ईडब्ल्यूएस योजना के तहत कुल 304 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इनमें बैडमिंटन के 30, बास्केटबॉल के 40, क्रिकेट के 44, जूडो के 40, कराटे के 40, कबड्डी के 20, शूटिंग के 10, स्विमिंग के 10, टेबल टेनिस के 30 तथा ताइक्वांडो के 40 खिलाड़ी शामिल होंगे।
बैठक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि टीएसएच की ईडब्ल्यूएस योजना में पहली बार क्रिकेट खेल को शामिल किया गया है। क्रिकेट में कुल 44 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। पहले वर्ग में 8 से 14 वर्ष तथा दूसरे वर्ग में 15 से 18 वर्ष तक के खिलाड़ी शामिल होंगे। दोनों वर्गों से 22-22 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
समिति ने तय किया कि क्रिकेट को छोड़कर सभी खेलों में चयन के लिए आयु सीमा 8 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम रहेगी। बैठक में कहा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना लगातार सफल साबित हो रही है और नौवें बैच में क्रिकेट को शामिल किए जाने से अधिक खिलाड़ियों को लाभ मिल सकेगा।