- चार टीमों के बीच खिताब की जंग, पहले दिन खेले जाएंगे दो मुकाबले
कानपुर, 12 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के तत्वावधान में आयोजित छठवीं राज रतन महिला लीग का शुभारंभ शुक्रवार से होगा। प्रतियोगिता के मुकाबले बीसीए मैदान, गंगा बैराज तथा वीएसएसडी कॉलेज मैदान, नवाबगंज में खेले जाएंगे।
इस प्रतिष्ठित महिला क्रिकेट लीग में स्पार्क इंटरनेशनल, डैम स्ट्राइकर्स, एवीआई फाउंडेशन और रेनू आईवीएफ की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना तथा उनके खेल कौशल को निखारना है।
लीग के पहले दिन वीएसएसडी कॉलेज मैदान, नवाबगंज में रेनू आईवीएफ और एवीआई फाउंडेशन के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि बीसीए मैदान, गंगा बैराज पर डैम स्ट्राइकर्स और स्पार्क इंटरनेशनल की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मैच प्रातः 7:30 बजे से शुरू होंगे।
क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस महिला लीग पर टिकी हैं, जहां युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रतियोगिता को रोमांचक बनाएगा।