- दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में शौर्य सिंह और राजवीर मल्होत्रा रहे मैच के नायक
कानपुर, 12 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं स्पोर्टिंग यूनियन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तृतीय दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए दो मुकाबलों में कैलाशा पॉलीमर्स और आनन्देश्वर पॉलीपैक ने शानदार जीत दर्ज की।
कानपुर साउथ-बी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में किक आई-टी स्ट्राइकर्स की टीम 19.4 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आजाद द्विवेदी ने 24 और शौर्य सिंह ने 16 रन बनाए। कैलाशा पॉलीमर्स के लिए हर्षवर्द्धन ने 10 रन देकर 2 तथा शौर्य सिंह ने 3 विकेट हासिल किए।
जवाब में कैलाशा पॉलीमर्स की टीम भी निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 114 रन ही बना सकी। आर्यन यादव ने 33 रन बनाए, जबकि सुयश, सोम कटियार और यशु मिश्रा ने दो-दो विकेट लिए। मैच टाई होने के बाद फैसला सुपर ओवर से हुआ, जिसमें कैलाशा पॉलीमर्स ने 11 रन बनाए। उनमुक्त सिंह राठौर ने नाबाद 10 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। जवाब में किक आई-टी स्ट्राइकर्स 6 रन ही बना सकी और कैलाशा पॉलीमर्स ने सुपर ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की। शौर्य सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आरपीसीए मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में ब्लू वारियर्स ने 22 ओवर में 5 विकेट पर 142 रन बनाए। अनुकल्प सैनी ने 43, उदित श्रीवास्तव ने 36 और देवांश मिश्रा ने नाबाद 24 रन का योगदान दिया। सिद्धांत बाजपेयी ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आनन्देश्वर पॉलीपैक ने केवल 17.3 ओवर में 1 विकेट खोकर 143 रन बनाते हुए 9 विकेट से शानदार जीत हासिल कर ली। राजवीर मल्होत्रा ने नाबाद 74 रन और शिवांश ने 53 रन की बेहतरीन पारी खेली। राजवीर मल्होत्रा को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।