भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम में उत्तर प्रदेश की दो बेटियों का चयन

 

 

  • प्रियांशी दीक्षित और प्रतिभा मिश्रा श्रीलंका दौरे पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
  • 07 से 13 जुलाई तक खेली जाएगी ऐतिहासिक पांच मैचों की महिला बधिर टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला

 

कानपुर, 9 जून।

इण्डिया डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) ने श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। आगामी 07 से 13 जुलाई 2026 तक श्रीलंका में आयोजित होने वाली पांच मैचों की ऐतिहासिक महिला बधिर टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए घोषित भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों प्रियांशी दीक्षित और प्रतिभा मिश्रा को स्थान मिला है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के बधिर क्रिकेट समुदाय में उत्साह का माहौल है।

आईडीसीए द्वारा जारी टीम सूची के अनुसार प्रियांशी दीक्षित को ऑलराउंडर तथा प्रतिभा मिश्रा को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में भारतीय टीम में शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ी लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी प्रतिभा व निरंतर मेहनत के बल पर भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल हुई हैं। विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए चुना गया।

महिला बधिर क्रिकेट के इतिहास में ऐतिहासिक दौरा

महिला बधिर क्रिकेट के इतिहास में यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहली बार भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम किसी द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए विदेशी दौरे पर जाएगी। श्रीलंका के मोरातुवा में आयोजित होने वाली यह श्रृंखला महिला बधिर क्रिकेट को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

दिल्ली में लगेगा विशेष प्रशिक्षण शिविर

आईडीसीए के अनुसार भारतीय महिला बधिर टीम का विशेष प्रशिक्षण शिविर 01 जुलाई से 06 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। शिविर में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार किया जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम श्रीलंका रवाना होगी, जहां वह मेजबान श्रीलंका के खिलाफ पांच टी-20 मुकाबले खेलेगी।

उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण

उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशु दीक्षित एवं महासचिव आशीष बाजपेयी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियांशी दीक्षित और प्रतिभा मिश्रा श्रीलंका दौरे पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा दौरा

डीफ वूमेन वेलफेयर फाउंडेशन की महासचिव मिनी गोपाल ने भी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला बधिर क्रिकेट लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारतीय महिला बधिर टीम का यह ऐतिहासिक विदेशी दौरा आने वाली पीढ़ियों की खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और महिला बधिर क्रिकेट को नई पहचान दिलाएगा।

खेल प्रेमियों, क्रिकेट प्रशंसकों और बधिर खेल समुदाय से जुड़े लोगों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी को उम्मीद है कि प्रियांशी दीक्षित और प्रतिभा मिश्रा अपने शानदार प्रदर्शन से श्रीलंका में भारत का परचम लहराते हुए उत्तर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगी।

 

Leave a Comment