सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन बनी जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 की चैंपियन

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

  • फाइनल मुकाबले में प्राइम एनलाइटेन इलेवन को 9 विकेट से हराया, कृष्णा यादव बने मैन ऑफ द मैच
  • आद्रिक दीवाहलिया के अर्धशतक के बावजूद प्राइम एनलाइटेन की टीम 114 रन ही बना सकी
  • कृष्णा यादव और देवांश दुबे की शानदार गेंदबाजी ने विरोधी बल्लेबाजी को किया ध्वस्त
  • लक्ष्य का पीछा करते हुए आदित्य यादव और कृष्णा यादव ने दिलाई आसान जीत

 

कानपुर, 8 जून।

जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्राइम एनलाइटेन इलेवन को 9 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच का आयोजन कानपुर साउथ मैदान पर किया गया। सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन के कप्तान कृष्णा यादव ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ।

पहले बल्लेबाजी करते हुए प्राइम एनलाइटेन इलेवन की टीम निर्धारित 25 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 114 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आद्रिक दीवाहलिया ने शानदार 52 रन की पारी खेली, जबकि शिवांश राय ने 11 और आकाश गुप्ता ने 12 रन बनाए। सिग्मा ग्रिपलॉक की ओर से देवांश दुबे ने 15 रन देकर 3 विकेट, कृष्णा यादव ने 9 रन देकर 2 विकेट और आदित्य यादव व रूपेश ने एक-एक विकेट हासिल किया।

115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने मात्र 11.3 ओवर में 1 विकेट खोकर 117 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आदित्य यादव ने नाबाद 47 रन और कप्तान कृष्णा यादव ने नाबाद 47 रन की शानदार पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। अभय प्रताप सिंह ने भी उपयोगी योगदान दिया।

कप्तान कृष्णा यादव ने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी में 2 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में नाबाद 47 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के अंपायर धर्मेंद्र सिंह एवं हिमांशु यादव रहे, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी अनस खान ने निभाई।

सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन की इस शानदार जीत के साथ 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 का सफल समापन हुआ। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और भविष्य के क्रिकेट सितारों की प्रतिभा को भी उजागर किया।

हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुआ पुरस्कार वितरण समारोह

14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 (सिग्मा ग्रिपलॉक ट्रॉफी) का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह कानपुर साउथ ग्राउंड में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर हजारों दर्शकों की मौजूदगी, सीटियों और बैंड-बाजों के शोर ने पूरे मैदान को उत्सव के माहौल में बदल दिया। शानदार आतिशबाजी ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए।समारोह में मुख्य अतिथि यूपीटी-20 लीग एवं केसीए के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सिग्मा ग्रिपलॉक के निदेशक नवनीत जैन तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। आयोजकों के अनुसार फाइनल मुकाबले में दर्शकों का उत्साह और रोमांच अभूतपूर्व रहा।

पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए सिग्मा ग्रिपलॉक XI के आदित्य यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। उन्होंने आठ पारियों में 316 रन बनाए। वहीं प्राइम एनलाइटेन XI के शिवांश राय ने आठ पारियों में 15 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले कृष्णा यादव को फाइनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। उन्होंने निर्णायक मुकाबले में 47 रन बनाने के साथ दो विकेट भी झटके। कृष्णा यादव को ही पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। उन्होंने आठ पारियों में 318 रन बनाने के साथ दो विकेट लेकर अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पूर्व प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में स्वागत संजय तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अहमद अली खान ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन आयुष तिवारी ने किया। इस अवसर पर राहुल सफर, विकास यादव, प्रभाष शर्मा, संजय शुक्ला, एस.एन. सिंह, अमित मिश्रा सहित जेएनटी परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

पुरस्कार विजेता

विजेता टीम: सिग्मा ग्रिपलॉक XI

उपविजेता टीम: प्राइम एनलाइटेन XI

सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: आदित्य यादव (316 रन)

सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: शिवांश राय (15 विकेट)

फाइनल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: कृष्णा यादव (47 रन, 2 विकेट)

टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: कृष्णा यादव (318 रन, 2 विकेट)

 

Leave a Comment