- ग्रीन पार्क स्टेडियम से होगी शुरुआत, सांसद देवेंद्र सिंह भोले करेंगे शुभारंभ
- स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी रैली, 100 से अधिक प्रतिभागियों को मिलेगा लकी ड्रॉ का मौका
कानपुर, 6 जून।
स्वास्थ्य, परिवार और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को कानपुर में ‘संडे ऑन साइकिल’ मिशन के अंतर्गत एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। खेलो इंडिया, क्रीड़ा भारती, कानपुर ओलंपिक संघ एवं कानपुर साइकिलिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह रैली सुबह 6 बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम से प्रारंभ होगी।
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद देवेंद्र सिंह भोले करेंगे। इस अवसर पर कानपुर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राघवेंद्र चंद्र सेठ, महासचिव रजत आदित्य दीक्षित तथा आर.के. गुप्ता सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहेंगी। आयोजकों के अनुसार रैली में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी भाग लेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने का प्रयास है। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि साइकिलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा रैली में शामिल 100 से अधिक प्रतिभागियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर भी मिलेगा।
रैली के समापन के बाद खेलो इंडिया, अस्मिता खेलो इंडिया और कानपुर साइकिलिंग एसोसिएशन के सहयोग से बालिकाओं की ‘अस्मिता साइकिल प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन ब्रजेश शुक्ला, नीतू कटियार और श्याम मिश्रा के मार्गदर्शन में किया जाएगा। कानपुर ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव सविता सिंह ने शहर के खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।