जेबी फाइटर्स और आइन्स इंडिया के बीच होगा खिताबी मुकाबला

 

 

  • द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर पॉलिकेयर ट्रॉफी का फाइनल रविवार सुबह बिठूर में
  • कप्तान अर्णव वर्मा और रेहान ने जताया जीत का भरोसा, रंगीन ड्रेस में खेला जाएगा फाइनल मुकाबला

 

कानपुर, 6 जून।

एएस क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर पॉलिकेयर ट्रॉफी अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला जेबी फाइटर्स और आइन्स इंडिया के बीच खेला जाएगा। बिठूर स्थित मैदान पर सुबह 6 बजे से शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।

एनआईएस कोच एवं एएस क्रिकेट एकेडमी के सचिव प्रमोद पाटिल ने बताया कि क्रिकेट भारत के युवाओं की पहली पसंद बन चुका है। खेल न केवल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि तनाव दूर करने और उन्हें मोबाइल एवं स्क्रीन टाइम से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य के साथ इस जूनियर क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

फाइनल मुकाबले से पहले जेबी फाइटर्स के कप्तान अर्णव वर्मा और आइन्स इंडिया के कप्तान रेहान ने अपनी-अपनी टीमों के बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया। दोनों कप्तानों ने कहा कि उनकी टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करती रही है और फाइनल में भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेगी।

प्रतियोगिता सचिव पूजा पाटिल ने बताया कि फाइनल मैच कलर ड्रेस में खेला जाएगा, जिससे मुकाबले का आकर्षण और बढ़ जाएगा। मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कानपुर क्लब के स्पोर्ट्स डायरेक्टर संजय गुप्ता मुख्य अतिथि तथा अमित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

जेबी फाइटर्स के डॉ. अभिषेक बाजपेयी और आइन्स इंडिया के श्रवण शुक्ला ने अपनी-अपनी टीमों के फाइनल में पहुंचने पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खिताबी मुकाबले में रोमांचक खेल की उम्मीद जताई।

Leave a Comment