- 502 खिलाड़ियों के ट्रायल के बाद पहले दिन 150 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, अगले सप्ताह से शुरू होगी प्रतियोगिता
कानपुर, 5 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन (केसीए) से आबद्ध एवं स्पोर्टिंग यूनियन क्लब द्वारा आयोजित तृतीय दीबा नसीम खान अण्डर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता फॉर जेएमडी ट्रॉफी के लिए चयन कैम्प का शुभारम्भ शुक्रवार को कानपुर साउथ मैदान में हुआ।
प्रतियोगिता से पूर्व आयोजित दो दिवसीय ट्रायल में कुल 502 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। ट्रायल के दौरान केसीए चयनकर्ताओं एवं आयोजकों ने खिलाड़ियों की फिटनेस, फील्डिंग कौशल तथा नेट्स पर बल्लेबाजी का गहन परीक्षण किया।
कैम्प के पहले दिन 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन जारी है। आयोजन सचिव राहुल पाल ने बताया कि 6 जून को कैम्प का दूसरा दिन आयोजित होगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में शामिल कर अगले सप्ताह से प्रतियोगिता का शुभारम्भ कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा आयु वर्ग क्रिकेट को बढ़ावा देना है।