- एकतरफा मुकाबलों में रोलैण्ड ने वीनस को 153 रन से हराया, ओलम्पिक ने यूनिक क्लब को 8 विकेट से दी मात
कानपुर, 4 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं फ्रेन्डस यूनियन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित प्रथम अनिल रावत (कप्तान) स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रोलैण्ड क्लब और ओलम्पिक क्लब ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 9 विकेट पर 269 रन बनाए। सुमित बसंत ने 83 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कुलदीप श्रीवास्तव ने 47, विजय वर्मा ने 34 और सौरभ मिश्रा ने 27 रन का योगदान दिया। वीनस क्लब की ओर से लकी राजपूत ने 26 रन देकर 2 तथा शुभम गोस्वामी ने 42 रन देकर 2 विकेट लिए।
जवाब में वीनस क्लब की पूरी टीम 25.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। शुभम गोस्वामी ने 28 और ऋषभ प्रजापति ने 25 रन बनाए। रोलैण्ड क्लब के लिए आर्यन दिवाकर ने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि अर्जुन मिश्रा और सात्विक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। रोलैण्ड क्लब ने यह मुकाबला 153 रन से जीत लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आर्यन दिवाकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रामकली मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में यूनिक क्लब की टीम 20 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। अक्षय शुक्ला ने 28 और उज्ज्वल पाण्डेय ने 23 रन बनाए। ओलम्पिक क्लब के पियूष पाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 3 रन देकर 4 विकेट झटके। राज कटियार ने 3 तथा अभिजीत सिंह ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ओलम्पिक क्लब ने केवल 7 ओवर में 2 विकेट खोकर 72 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। जय प्रकाश ने 30 और आयुष कुमार ने नाबाद 37 रन बनाए। यूनिक क्लब की ओर से रितिक पाल और मंदीप सिंह को एक-एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए पियूष पाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।