- केसीसीएल सीजन-1 में आखिरी ओवर तक चला संघर्ष, डॉ. मानस शुक्ला की घातक गेंदबाजी बनी जीत की कुंजी
- उमाशंकर वर्मा ने बनाए 36 रन, डॉ. मानस शुक्ला ने झटके 4 विकेट
कानपुर, 2 जून।
बीसीए गंगा बैराज मैदान पर खेले गए कानपुर कॉरपोरेट क्रिकेट लीग (KCCL) सीजन-1 के लीग मुकाबले में एएमसी एवेंजर्स ने नाइट स्कॉर्चर्स को 8 रन से पराजित कर रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एएमसी एवेंजर्स की टीम 19.1 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से उमाशंकर वर्मा ने 26 गेंदों पर 36 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अजय ठाकुर ने 31 रन, माधव सिंह सोलंकी ने 18 रन और वैभव ने 14 रन का योगदान दिया। नाइट स्कॉर्चर्स के लिए प्रह्लाद सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि अखिलेश और संतोष गुप्ता ने 2-2 विकेट झटके।

148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट स्कॉर्चर्स की शुरुआत अच्छी रही। अभिनाश कुमार ने 24 गेंदों पर 37 रन और डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने 11 गेंदों में 23 रन बनाकर टीम को जीत की उम्मीद दिलाई। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 19.2 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। एएमसी एवेंजर्स की ओर से डॉ. मानस शुक्ला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। वैभव ने 2 विकेट, आकाश श्रीवास्तव ने 2 विकेट तथा डॉ. नवीन कुमार गुडे ने 1 विकेट हासिल किया।