- महाराणा प्रताप एजुकेशन सेंटर और भगवंती एजुकेशन सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में चल रही प्रतियोगिता में दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले
- अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जीते खिताब
कानपुर, 17 मई।
सीआईसीएसई नॉर्थ जोन टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 में दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। महाराणा प्रताप एजुकेशन सेंटर एवं भगवंती एजुकेशन सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक कई मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे।
अंडर-14 बालक वर्ग में कियान सावलानी का दबदबा
अंडर-14 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल में कियान सावलानी ने स्रेष्ठ श्रीवास्तव को 11-4, 11-1, 11-6 से हराया। ईशान अग्रवाल ने रिद्दिमान गुप्ता को 11-7, 11-4, 11-7 से मात दी। चंदन शर्मा ने कृष्णव अग्रवाल को 15-13, 11-4, 11-9 से पराजित किया, जबकि इवान शंकर ने वेदांत सिंह को 11-6, 11-1, 11-5 से शिकस्त दी।
सेमीफाइनल में कियान सावलानी ने ईशान अग्रवाल को 11-8, 11-3, 11-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में चंदन शर्मा ने इवान शंकर को 11-7, 6-11, 11-6, 12-14, 11-9 से हराया। फाइनल मुकाबले में कियान सावलानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंदन शर्मा को 11-5, 11-6, 11-8 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 वर्ग में देवांश सोमानी बने विजेता
अंडर-17 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सात्विक पांडेय, आरव भाटिया, दैविक सिंघल और देवांश सोमानी ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में आरव भाटिया ने सात्विक पांडेय को 11-8, 11-5, 19-17 से हराया, जबकि देवांश सोमानी ने दैविक सिंघल को 11-6, 11-7, 11-2 से मात दी। फाइनल में देवांश सोमानी ने आरव भाटिया को 11-7, 11-6, 11-7 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-19 वर्ग में श्लोक महेश्वरी ने जीता खिताब
अंडर-19 बालक वर्ग में तनमय अवस्थी, दक्ष जैन, अब्दुल हादी और श्लोक महेश्वरी ने क्वार्टर फाइनल जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में दक्ष जैन ने तनमय अवस्थी को 11-3, 12-10, 11-8 से हराया। वहीं श्लोक महेश्वरी ने अब्दुल हादी को 4-11, 11-9, 11-7, 7-11, 11-8 से शिकस्त दी। फाइनल मुकाबले में श्लोक महेश्वरी ने दक्ष जैन को 11-7, 11-7, 11-6 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले मुकाबले सोमवार प्रातः 9 बजे से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सायं 3 बजे महाराणा प्रताप एजुकेशन सेंटर की प्रधानाचार्या श्रीमती जसदीप भट्टी एवं भगवंती एजुकेशन सेंटर की प्रधानाचार्या श्रीमती सावित्री कुलश्रेष्ठ द्वारा किया जाएगा।