- कोलकाता के रास्ते मलेशिया पहुंचेगी टीम, अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगा भारत का दम
कानपुर 23 अप्रैल 2026:
खेल भावना, उत्साह और देशभक्ति से सराबोर माहौल में क्रीडा भारती कानपुर प्रांत द्वारा भारतीय डार्ट्स टीम को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मलेशिया रवाना किया गया। कानपुर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों को फूल-मालाएं, पटका पहनाकर तथा तिरंगा लहराकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के बीच भावभीनी विदाई दी गई।
क्रीडा भारती की प्रांत मंत्री नीतू कटियार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास जताया कि टीम अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के सम्मान का अवसर है।
टीम कोलकाता के Netaji Subhas Chandra Bose International Airport से मलेशिया के लिए उड़ान भरेगी, जहां अंतरराष्ट्रीय डार्ट्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस अवसर पर इंडियन डिसेबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता एवं महासचिव महेंद्र सिंह के नेतृत्व में संतोष गुप्ता, मनीष कुमार, राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता (अंतरराष्ट्रीय पैरा आइकॉन), हेड कोच शैलेश कुमार तथा ग्लोबल मीडिया संयोजक प्रो. एस.एस. डोगरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
महासचिव महेंद्र सिंह ने बताया कि टीम पूरी तैयारी, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही है। स्टेशन पर मौजूद खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने तालियों और नारों के साथ खिलाड़ियों को विदा किया, जिससे पूरा वातावरण ऊर्जा और गर्व से भर गया।