- उदयपुर में 25 से 28 अप्रैल तक होगी नेशनल पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप
- सेवायोजन कार्यालय कानपुर में वरिष्ठ सहायक हैं मनीष मिश्रा
- 24 अप्रैल को कानपुर से उदयपुर के लिए रवाना होगी यूपी टीम
- नेशनल खिलाड़ी रह चुके मनीष, प्रदेश के लिए जीत चुके हैं कई पदक
कानपुर, 17 अप्रैल।
नेशनल पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2026 के लिए उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर के रूप में मनीष मिश्रा की नियुक्ति की गई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 से 28 अप्रैल तक राजस्थान के उदयपुर में आयोजित होगी।
मनीष मिश्रा वर्तमान में सेवायोजन कार्यालय कानपुर में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुभव और खेल पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव राहुल शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की टीम 24 अप्रैल को कानपुर से उदयपुर के लिए रवाना होगी। टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों के समन्वय में मैनेजर की भूमिका अहम मानी जाती है।
गौरतलब है कि मनीष मिश्रा स्वयं पावर लिफ्टिंग के नेशनल स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। खेल की बारीक समझ और अनुभव के चलते उनसे टीम को बेहतर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।