- बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की परीक्षा में देशभर से चयनित 7 अभ्यर्थियों में शामिल
- विजयवाड़ा में आयोजित परीक्षा में मिली बड़ी सफलता
- अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी के रूप में दे चुके हैं सेवाएं
- खेल जगत में कानपुर का नाम किया रोशन, एसोसिएशन व खेल प्रेमियों ने दी बधाई
कानपुर, 14 अप्रैल।
कानपुर के इरशाद अहमद ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मैच कंट्रोलर परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा दिसंबर 2025 में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से कुल 7 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जिनमें इरशाद अहमद भी शामिल हैं।
वर्तमान में इरशाद अहमद बाबसन पब्लिक स्कूल में गेम्स टीचर के पद पर कार्यरत हैं। खेल क्षेत्र में उनका अनुभव काफी समृद्ध रहा है। वे कई अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी (Technical Official) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने वर्ष 2017 में केरल में आयोजित सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप, 2025 में गुवाहाटी में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप, इंडियन सुपर सीरीज़ तथा लखनऊ में आयोजित सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा, वे विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं।
इरशाद अहमद की इस उपलब्धि पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। चेयरमैन मनोज पांडे, अध्यक्ष डॉ. ए. के. अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह एवं डॉ. मनीषा अग्रवाल, सचिव डी. पी. सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके साथ ही बाबसन पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एस. ए. रिज़वी, अंतरराष्ट्रीय अंपायर रवि दीक्षित सहित अन्य खेल प्रेमियों ने भी इस उपलब्धि को कानपुर के लिए गौरवपूर्ण बताया।