कानपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन, विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने जीते खिताब

 

 

 

  • अंडर-9 से अंडर-19 तक कड़े मुकाबले, रोमांचक फाइनल में तय हुए विजेता
  • मृणांक बागची, दुर्वांक और आशुतोष गुप्ता का शानदार प्रदर्शन
  • संजीव पाठक समेत अतिथियों ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

 

कानपुर, 12 अप्रैल।

कानपुर टेबल टेनिस संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रथम कानपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यूपीटीटीए चेयरमैन संजीव पाठक, गीता टंडन कपूर और सचिव संजय टंडन उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-9 बालक वर्ग में मृणांक बागची ने रुद्रांश सिंह को हराकर खिताब जीता, जबकि बालिका वर्ग में भाव्या मीणा विजेता रहीं। अंडर-11 बालक वर्ग में शौर्य यादव और अंडर-13 बालक वर्ग में दुर्वांक ने खिताब अपने नाम किया।

अंडर-15 बालक वर्ग में दुर्वांक ने एक और खिताब जीता, जबकि बालिका वर्ग में प्रेक्षा तिवारी विजेता बनीं। अंडर-17 बालिका वर्ग में कावि शाह और अंडर-19 बालिका वर्ग में सुविज्ञा कुशवाहा ने शानदार जीत दर्ज की।

बालक वर्ग में अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में आशुतोष गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कई नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आईं।

समापन समारोह में सुनील सिंह, रवि कुमार पोपतानी, रवि टंडन, अविनाश यादव, अभिसारिका यादव, अनिल वर्मा, सुनील वर्मा, सौरभ पाल, साहिल श्रीवास्तव, अनमोलदीप, यश तिवारी और आयुष पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment