- सीसीएल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज़, सप्रू मैदान पर खेले गए डे-नाइट मुकाबले
- मो. जावेद और लविश श्रीवास्तव बने मैन ऑफ द मैच, उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर
कानपुर 12 अप्रैल:
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीसीएल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सप्रू मैदान पर शानदार तरीके से हुआ। उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में आयोजित किए गए, जिसमें पटेल प्रॉपर्टीज और कानपुर वारियर्स ने जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में जीटीबी वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.2 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शेख मुश्ताक ने 31, अब्दुल रहमान ने 23, डॉ. चेतन ने 22 और अभिनव ने 18 रन बनाए। गेंदबाजी में राम सिंह ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि विकास भारती और मनिंदर ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में पटेल प्रॉपर्टीज ने 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से मो. जावेद ने 55 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंकुल चौधरी (20) और मनीष गौर (19) ने सहयोग दिया। इस मैच में मो. जावेद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में मेटाडोर फोम इलेवन ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। अमन शेख ने 33, रिजवान अंसारी ने 26 और मिशन गुप्ता ने नाबाद 30 रन बनाए। गेंदबाजी में आनंद तिवारी और सौरभ गुप्ता ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर वारियर्स ने 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 147 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। लविश श्रीवास्तव ने 56 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि धर्मेंद्र यादव (22), गुरविंदर सिंह (नाबाद 20) और शिव प्रताप (नाबाद 17) ने टीम को जीत दिलाई। लविश श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू एवं गंगाघाट नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष कौमुदी पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं गुब्बारे छोड़कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का स्वागत कौशल कुमार ने किया। कार्यक्रम में पी.एस. नेगी, सौरभ गुप्ता, दिनेश कटियार, अजीत एवं ऋषभ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।