क्रीड़ा भारती की वार्षिक नियोजन बैठक संपन्न, आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति

 

 

 

  • दो दिवसीय बैठक में संगठन विस्तार और खेल गतिविधियों पर मंथन
  • सब हेड: अखिल भारतीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रांत और जिला स्तर की योजनाएं तय

 

कानपुर, 5 अप्रैल।

क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत की वार्षिक नियोजन बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार, खेल गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के प्रथम दिन प्रातः 10 बजे उद्घाटन सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान अतिथियों का स्वागत एवं परिचय सत्र आयोजित किया गया। बैठक में क्रीड़ा भारती की अखिल भारतीय सह मंत्री माननीय भारती ताई एवं अखिल भारतीय मातृ शक्ति प्रमुख आदरणीया रीना दीदी ने अपने मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। वहीं पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्र संयोजक रजत दीक्षित ने संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कानपुर जिले के अध्यक्ष राजुल खन्ना ने की। द्वितीय सत्र में प्रांत टोली के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, जबकि मध्यांतर के बाद जिला टोली के साथ बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ाने की रणनीति तय की गई।

बैठक के अंतिम सत्र में प्रांत मंत्री नीतू कटियार ने आगामी प्रवास एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।

कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष राजुल खन्ना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रांत सह मंत्री अरुण दुबे, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी, जिला मंत्री श्याम मिश्रा, मातृ शक्ति प्रमुख सुलोचना एवं जिला मातृ शक्ति प्रमुख सविता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment