हनुमान जयंती पर क्रीड़ा भारती का भव्य आयोजन, कबड्डी प्रतियोगिता से युवाओं में भरा उत्साह

 

 

 

  • खेल भावना के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश , 10 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया सम्मानित

 

कानपुर, 03 अप्रैल:

क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत द्वारा हनुमान जयंती एवं संगठन के स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित कर खिलाड़ियों में खेल भावना के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति का भी संचार किया गया।

क्रीड़ा गीत से हुआ शुभारंभ:

प्रांत प्रचार प्रमुख, क्रीड़ा भारती वैभव गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत क्रीड़ा गीत के साथ हुई, जिसमें सभी खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद भगवान हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया गया।

कबड्डी प्रतियोगिता में 10 टीमों की भागीदारी:

इसके उपरांत कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिसमें कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रांत मंत्री नीतू कटियार, प्रांत कोषाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी, प्रांत प्रचार प्रमुख वैभव गौड़ तथा जिला अध्यक्ष राजुल खन्ना सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं टॉस कराकर किया गया।

विजेताओं को किया सम्मानित:

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं अतिथियों को हनुमान जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति:

इस अवसर पर मातृशक्ति प्रमुख सुलोचना जी, सह मातृशक्ति प्रमुख संतोष त्यागी, क्रीड़ा केंद्र प्रमुख शैलेश कटियार, जिला मातृशक्ति प्रमुख सविता जी, सह प्रमुख कंचन, अंकिता, कृष्णा, रौनक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्देश्य और संदेश:

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना एवं उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा। क्रीड़ा भारती द्वारा किया गया यह आयोजन सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के साथ खेलों के महत्व को बढ़ावा देने का एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।

 

Leave a Comment