- टीएसएच सिग्नेचर लॉन टेनिस डे टूर्नामेंट 2026 का रोमांचक समापन
- मेंस सिंगल्स, डबल्स और जूनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
कानपुर, 23 मार्च।
द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के टेनिस कोर्ट पर आयोजित टीएसएच सिग्नेचर लॉन टेनिस डे टूर्नामेंट 2026 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। मेंस सिंगल्स फाइनल में विमन्यु अग्रवाल ने नितिन जशनानी को 6-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाते हुए विमन्यु ने जीत दर्ज की।

सेमीफाइनल में भी दिखा शानदार प्रदर्शन
सेमीफाइनल मुकाबलों में विमन्यु अग्रवाल ने अभिनव भाटिया को 4-2 से हराया, जबकि नितिन जशनानी ने नितेश कुमार सिंह को 4-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। अभिनव भाटिया और नितेश कुमार सिंह संयुक्त रूप से दूसरे उपविजेता रहे।
मेंस डबल्स में ऋषभ-शिवम की जोड़ी का जलवा
मेंस डबल्स के फाइनल में ऋषभ गोयल और शिवम की जोड़ी ने गौतम खेमका और विशाल खन्ना को 8-6 (टाईब्रेकर) से हराकर खिताब जीता। विमन्यु अग्रवाल-नितिन जशनानी और दक्ष खंडेलवाल-हरजस कलसी की जोड़ियां दूसरे उपविजेता रहीं।
45+ डबल्स और जूनियर वर्ग के नतीजे
45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के डबल्स में गौतम खेमका और विशाल खन्ना ने अजय गुप्ता व डॉ. डी.के. जैपुरिया को 6-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 गर्ल्स सिंगल्स में अनाया सेन ने हरजस कलसी को 6-1 से हराकर जीत हासिल की। वहीं अंडर-10 टैलेंट हंट में अहाना सेन ने 140 अंकों के साथ पहला स्थान पाया, जबकि शिवाय बाजपेयी, आरुष गुप्ता और वेदिया गुप्ता संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
विजेताओं का हुआ सम्मान
मुख्य अतिथि अजय गुप्ता ने सभी विजेताओं को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।