कानपुर यूनिवर्सिटी ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के बाद रिया सुदर्शन और सानिया गौतम को मिला मौका
उन्नाव, 13 मार्च।
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय ताइक्वांडो (महिला) चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन 16 मार्च से 20 मार्च 2026 तक ओडिशा स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए उन्नाव जिले की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
उन्नाव ताइक्वांडो कमेटी के अध्यक्ष संजय तिवारी ने बताया कि कंचन नगर शुक्लागंज निवासी रिया सुदर्शन (58 किलोग्राम भार वर्ग) और गंगानगर शुक्लागंज निवासी सानिया गौतम (49 किलोग्राम भार वर्ग) का चयन किया गया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन कानपुर यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी सिलेक्शन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने अब तक कई जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक हासिल किए हैं और अपने प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्नाव ताइक्वांडो कमेटी के अध्यक्ष संजय तिवारी ने उनके आने-जाने, रहने और खाने का पूरा खर्च स्वयं वहन करने की जिम्मेदारी ली है, ताकि आर्थिक कारणों से उनके खेल प्रदर्शन में कोई बाधा न आए और वे प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले व विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर उन्नाव ताइक्वांडो कमेटी के सचिव आकाश मिश्रा, उपाध्यक्ष अंशुमान तिवारी, खिलाड़ियों के कोच सौरभ सिंह और सोनू कटारिया सहित खिलाड़ियों के माता-पिता भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
बताया गया कि दोनों खिलाड़ी 15 मार्च को दोपहर 1 बजे गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होंगी और कानपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।