- हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज में 12वीं वाणिज्य वर्ग का विदाई समारोह संपन्न
कानपुर, 12 फरवरी।
हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज में 12वीं वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आयोजित फेयरवेल पार्टी भावनाओं और प्रेरणा से भरपूर रही। कक्षाध्यापक सर्वेश तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में केवल अंक ही सब कुछ नहीं होते, बल्कि गहरा ज्ञान और समझ ही वास्तविक सफलता दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

बोर्ड परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण टिप्स
सर्वेश तिवारी ने आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को सुझाव दिया कि प्रश्नों के उत्तर सिलसिलेवार और एकाग्र होकर लिखें। उन्होंने यह भी कहा कि अच्छी और पर्याप्त नींद तनाव को कम करती है तथा मस्तिष्क को ऊर्जावान बनाती है, जिससे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन संभव होता है।

शिक्षकों ने बांटे सफलता के मंत्र
कार्यक्रम में डॉ. सुधांशु त्रिपाठी और प्रमोद कुमार ने भी विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता के गुर बताए। उन्होंने समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और नियमित पुनरावृत्ति को सफलता की कुंजी बताया।

खट्टे-मीठे पलों के साथ भावुक विदाई
विद्यार्थियों ने अपने दो वर्षों के खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। समारोह में जहां बोर्ड परीक्षा को लेकर उत्साह का माहौल था, वहीं बिछड़ने के पल ने सभी को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनूप शुक्ला, अल्का द्विवेदी, आशीष सिंह, जितेंद्र कुमार, ओ.पी. अवस्थी, गणेश दीक्षित, अभिषेक मिश्रा, जगदीश प्रसाद और ब्रजेश अवस्थी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।