- खेलकूद से जीवन में ऊर्जा और सकारात्मक सोच का होता है विकास
- प्रोफेसरों ने शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्व निभाने का दिया संदेश
कानपुर, 23 दिसंबर।
महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज में मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2025–26 के नवप्रवेशित छात्रों के लिए भव्य ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को कॉलेज, BDS पाठ्यक्रम, शैक्षणिक अनुशासन और संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे ईमानदारी से अध्ययन करेंगे और एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपिका शुक्ला सहित अन्य प्रोफेसरों ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद का भी जीवन में विशेष महत्व है, जिससे व्यक्ति ऊर्जावान, अनुशासित और सकारात्मक बना रहता है। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, कॉलेज और समाज का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। छात्रों को कॉलेज के प्रोफेसरों एवं स्टाफ से संवाद का अवसर मिला तथा सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को कॉलेज आईडी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल की गरिमामयी उपस्थिति में छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ ने ईमानदारी, निष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ ली। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ की गई।