- क्रिकेट प्रशासन और अंपायरिंग में दशकों तक रहा उल्लेखनीय योगदान
कानपुर, 21 दिसम्बर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्य स्तरीय अंपायर प्रकाश मिश्रा का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार भैरव घाट पर दोपहर 12 बजे किया गया, जहां उनके बड़े सुपुत्र मनोज मिश्रा ने उन्हें मुखाग्नि दी।
प्रकाश मिश्रा का क्रिकेट प्रशासन में योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। वर्ष 1976 में केसीए के गठन के समय वे प्रथम प्रतियोगिता सचिव रहे। इसके बाद उन्होंने संयुक्त सचिव, अवैतनिक सचिव, उपाध्यक्ष और अध्यक्ष सहित संगठन के लगभग सभी प्रमुख पदों को सुशोभित किया।
वे 1980 के दशक से राज्य स्तरीय अंपायर के रूप में भी सक्रिय रहे। इसके अलावा उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े रहते हुए क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके आकस्मिक निधन पर केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष एस. एन. सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, सहित सभी पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। वहीं उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के गिरिश कपूर, आशु मेहरोत्रा, अनिल राय, राहुल सप्रू, जफर आलम खान एवं मनीष मालवीय ने इसे क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
प्रकाश मिश्रा के निधन की सूचना मिलते ही ग्रीन पार्क में प्रस्तावित कानपुर क्रिकेट लीग के उद्घाटन मुकाबले से पूर्व शोक सभा आयोजित की गई, जिसके बाद मैच को स्थगित कर दिया गया। शोक सभा में केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, ग्रीन पार्क के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी भानु प्रसाद, अमित पाल, केसीए पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।