- कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के तत्वावधान में हुआ चयन परीक्षण
- चयनकर्ताओं राकेश तिवारी और इन्दरपाल सिंह ने खिलाड़ियों की प्रतिभा का किया मूल्यांकन
कानपुर, 27 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन (केसीए) द्वारा आयोजित यूपीसीए सीनियर (रणजी ट्रॉफी) ट्रायल का सफलतापूर्वक आयोजन कानपुर साउथ मैदान पर किया गया। ट्रायल में कुल 97 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में केसीए के चयनकर्ता राकेश तिवारी एवं इन्दरपाल सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन करते हुए उनकी तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल का मूल्यांकन किया।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के सचिव कौशल कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ट्रायल का उद्देश्य आगामी यूपीसीए सीनियर (रणजी ट्रॉफी) टीम के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ ट्रायल में भाग लिया तथा कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।