टीएसएच में 310 ईडब्ल्यूएस बच्चों के होंगे ट्रायल

 

 

  • टीएसएच आर्यनगर में 2 अप्रैल को ईडब्ल्यूएस बच्चों के लिए निःशुल्क खेल प्रशिक्षण हेतु चयन ट्रायल आयोजित होंगे
  • सुबह 7 बजे से शुरू होने वाले ट्रायल में चयन समिति के सदस्य मौजूद रहकर पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे

 

कानपुर, 1 अप्रैल:

नगर निगम और स्मार्ट सिटी के सहयोग से आर्यनगर स्थित टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण देने के लिए “स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप/सब्सिडी योजना” के आठवें बैच हेतु चयन ट्रायल आज 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए समन्वय समिति के सदस्य मौके पर मौजूद रहेंगे, जिनमें जगदीश यादव, मुकेश कुमार वर्मा, अमित यादव, संजीव पाठक, डॉ. देवेश दुबे और राजीव गर्ग शामिल हैं।

आयोजन समिति के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6:45 बजे तक टीएसएच पहुंचना अनिवार्य है, जबकि 7 बजे से पंजीकरण शुरू होगा। इसके बाद खिलाड़ियों का शारीरिक फिटनेस और एप्टीट्यूड टेस्ट पांच-पांच के समूह में कराया जाएगा, जिसके बाद उनके संबंधित खेलों के अनुसार व्यक्तिगत कौशल का परीक्षण होगा। पूरी चयन प्रक्रिया दोपहर करीब 1 बजे तक चलेगी और समिति के सदस्य इसकी लगातार निगरानी कर निष्पक्ष व व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करेंगे।

अब तक इस योजना के सात बैचों में कुल 1734 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि आठवां बैच 6 अप्रैल से शुरू होगा। इस बार कुल 641 फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से 310 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। सभी ईडब्ल्यूएस फॉर्म माननीय विधायक और सांसदों के माध्यम से कानपुर स्मार्ट सिटी के अधिकारियों द्वारा भरवाए और प्रेषित किए गए हैं। चयनित बच्चों को टीएसएच, आर्यनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के बीच निःशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे।

Leave a Comment