- लखनऊ में संपन्न हुए UPTTA चुनाव, संजीव पाठक को चेयरमैन की जिम्मेदारी
लखनऊ, 15 दिसंबर।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ (UPTTA) के चुनाव आज लखनऊ में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के तहत पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं स्टेट लेवल टेबल टेनिस के चेयरमैन श्री विवेक कोहली को सर्वसम्मति से संघ का अध्यक्ष चुना गया, जबकि श्री अरुण कुमार बनर्जी को महासचिव निर्वाचित किया गया।
संजीव पाठक बने संघ के चेयरमैन
चुनाव के साथ ही पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी श्री संजीव पाठक को उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ का चेयरमैन नियुक्त किया गया। सभी चुनाव भारत सरकार के राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, 2025 (अधिनियम संख्या 25, वर्ष 2025) के अंतर्गत कराए गए।
पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुई चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया में श्री तनय हजारी ने रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका निभाई। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) की ओर से श्री राजीव रतन सिंह, संयुक्त सचिव (बिहार), पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के खेल निदेशालय से श्री अतुल सिन्हा (आर.ए.ओ., लखनऊ) तथा उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन से श्री एस.के. तिवारी भी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
नई कार्यकारिणी (2025–2029) का गठन
नवगठित कार्यकारिणी में चेयरमैन के रूप में संजीव पाठक (कानपुर), अध्यक्ष विवेक कोहली (मेरठ) को जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर कुमार विनीत (सुल्तानपुर) और श्रीराज त्यागी (गाजियाबाद) को चुना गया। महासचिव अरुण कुमार बनर्जी (लखनऊ) बनाए गए, जबकि संयुक्त सचिव के रूप में सरिता वी. गौतम (वाराणसी) और सर्वेश कुमार (अलीगढ़) को जिम्मेदारी दी गई। कोषाध्यक्ष पद पर राजेश सिंह (रायबरेली) को नियुक्त किया गया।
कार्यकारिणी समिति और खिलाड़ी प्रतिनिधि
कार्यकारिणी समिति में डॉ. वी.पी. सिंह कश्यप (बरेली), अलका शर्मा (आगरा), संजय टंडन (कानपुर), अंजू शंकर (प्रतापगढ़), लिली (गौतम बुद्ध नगर) और आलोक कुमार तिवारी (सोनभद्र) को शामिल किया गया। वहीं खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में पराग अग्रवाल (लखनऊ) एवं अभिषेक यादव (कानपुर) को नामित किया गया।
प्रदेशभर में हर्ष और उम्मीद
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के चयन पर प्रदेश भर के खेल संगठनों एवं खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर की और विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।