- पुणे में हुई आठवीं राष्ट्रीय अंडरवाटर फिनस्विमिंग प्रतियोगिता
- उत्तर प्रदेश ने जीते 19 स्वर्ण, 15 रजत और 3 कांस्य पदक
कानपुर, 27 जनवरी।
आठवीं राष्ट्रीय अंडरवाटर फिनस्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक पुणे में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 37 पदक अपने नाम किए। यूपी के खिलाड़ियों ने 19 स्वर्ण, 15 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं कानपुर के खिलाड़ियों ने भी उम्दा प्रदर्शन कर दिल जीत लिया।
अयोध्या के मोहम्मद अयान खान बने सबसे सफल खिलाड़ी
प्रतियोगिता में अयोध्या के मोहम्मद अयान खान ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते। उनकी उपलब्धि प्रतियोगिता की सबसे बड़ी व्यक्तिगत सफलता रही। अयोध्या के ही यशवंत सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किए।

लखनऊ, अयोध्या और कानपुर के खिलाड़ियों का योगदान
लखनऊ के सर्वांग राठौर ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर टीम की पदक तालिका को मजबूत किया। अयोध्या के सानूजे श्रीवास्तव ने 1 स्वर्ण और 6 रजत पदक अपने नाम किए। वहीं कानपुर के विनीश दानिश ने 1 स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
महिला खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में शिवांगी राजभर ने 1 रजत पदक, श्रीया राजभर ने 1 कांस्य पदक, जबकि रिमझिम सिंह (अयोध्या) ने 1 स्वर्ण पदक हासिल कर यूपी की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
रिले स्पर्धाओं में भी यूपी को मिली सफलता
रिले स्पर्धाओं में भी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मिक्स रिले टीम, जिसमें मोहम्मद अली, सर्वांग, श्रीया राजभर और विनीश शामिल थे, ने रजत पदक जीता। वहीं यशवंत, अयान, अदिति राठौर और विनीश की रिले टीम ने भी रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा यशवंत, अयान, शिवांगी और अदित्री टीम ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
टीम प्रबंधन की अहम भूमिका
उत्तर प्रदेश टीम के साथ तकनीकी अधिकारी प्रकाश अवस्थी, मैनेजर कमलेश अवस्थी और अपूर्व राठौर मौजूद रहे। टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।