- 1 रजत व 5 कांस्य पदकों के साथ सीजन का शानदार समापन
कानपुर/भीमावरम (आंध्र प्रदेश), 22 मार्च
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ के महासचिव उपेंद्र पांडेय के अनुसार सागी रामाकृष्णन राजू अंडर-23 पुरुष एवं महिला अखिल भारतीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026 में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए।
पुरुष वर्ग में हरीशचंद्र विश्वकर्मा ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। वहीं महिला वर्ग में वंदना पटेल ने रजत पदक हासिल किया, जबकि तनु गुप्ता, शालिनी गुप्ता, मानसी पटेल और महक राय ने कांस्य पदक जीतकर टीम को मजबूती प्रदान की।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए बताया कि यह सत्र 2025-26 की अंतिम प्रतियोगिता थी। टीम की वापसी के बाद सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं चयन समिति के सदस्यों ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।