- तृतीय डिस्ट्रिक्ट कबड्डी चैंपियनशिप में रोमांचक फाइनल, महावीर क्लब को 13–10 से दी शिकस्त
उन्नाव, 1 जनवरी।
जिला कबड्डी एसोसिएशन उन्नाव एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जय बाबा फाउंडेशन द्वारा आयोजित तृतीय डिस्ट्रिक्ट कबड्डी चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला मां शक्ति योग साधना केंद्र, साधना स्थली, शक्तिपुरम नई तहसील रोड, उन्नाव में खेला गया। फाइनल मैच में उन्नाव कबड्डी योद्धा क्लब और महावीर कबड्डी क्लब आमने-सामने रहे। लगातार अंक उतार-चढ़ाव के बाद अंततः उन्नाव कबड्डी योद्धा क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महावीर कबड्डी क्लब को 13–10 अंकों से पराजित कर तृतीय डिस्ट्रिक्ट कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के संयोजक कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि फाइनल मुकाबले से पूर्व जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन राहुल तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल, उपाध्यक्ष सुशील सांवरिया एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें आशीर्वाद दिया और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।

कड़ा मुकाबला, एक-एक अंक के लिए संघर्ष
फाइनल मैच अत्यंत रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों के पास बेहतरीन खिलाड़ियों का मजबूत स्क्वायड था। पूरे मैच के दौरान हर मिनट और हर अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। जहां खिलाड़ियों ने शानदार रेड का प्रदर्शन किया, वहीं रक्षण कौशल ने भी दर्शकों को खूब प्रभावित किया। मैच के दौरान दर्शकों की सांसें थमी रहीं और पूरा परिसर तालियों से गूंजता रहा।

अनुशासन और निष्पक्षता की मिसाल बने निर्णायक
निर्णायकों ने अपने अनुभव और पैनी नजर से मुकाबले को पूरी तरह नियंत्रित रखा। किसी भी प्रकार के गलत खेल पर तुरंत सख्ती बरती गई, जिससे मुकाबला निष्पक्ष और रोमांचक बना रहा।

निर्णायक और आयोजन से जुड़े प्रमुख लोग
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका कामराज, स्वाती सिंह, अदिति सिंह, उत्कर्ष बाजपेई और प्रीती गुप्ता ने निभाई।
इस अवसर पर डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल, मुकेश बाजपेई, आलोक शर्मा, महेंद्र सिंह, कपिल पाण्डेय, अजीत यादव, रूपा शुक्ला, अशोक पटेल, रूप नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।