- क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर के तत्वावधान में 13 टीमों ने लिया हिस्सा; बांदा उपविजेता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कानपुर, 27 फरवरी।
कानपुर नगर के इंदिरा नगर स्थित त्रिभुवन पैलेस रोड के आदर्श पार्क में क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर के तत्वावधान में एक दिवसीय अंडर-50 किलोग्राम बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 13 टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया, जिससे दर्शकों को रोमांचक खेल देखने को मिला।
जालौन ने मारी बाजी, बांदा रहा उपविजेता
कड़े मुकाबलों के बाद जालौन की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि बांदा की टीम ने द्वितीय स्थान पर रहकर उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर यू पी कबड्डी लीग एवं जूनियर नेशनल सिल्वर मेडलिस्ट खिलाड़ी Upendra Singh Sengar मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही UP Kabaddi League सीजन-2 के खिलाड़ी हरिओम शुक्ला ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में रजत दीक्षित, अरुण दुबे, श्याम मिश्रा, आशुतोष सत्यम झा, अजय मिश्रा एवं विपिन सोनकर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति की सराहनीय भूमिका
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में धर्मेंद्र पाल, विपिन पाल, हरिओम शुक्ला, सौरभ, दीपराज, सुधाकर मिश्रा (अध्यक्ष), रौनक आनंद एवं विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ा।