- खेलो इंडिया–स्मार्ट सिटी मिशन के तहत टीएसएच बना प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र
- पारदर्शी ट्रायल प्रक्रिया के बाद 223 खिलाड़ियों का चयन
- सात बैचों में 1734 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, 126 पदक जीतकर बढ़ाया शहर का मान
कानपुर, 08 अप्रैल।
नगर निगम की महत्वाकांक्षी पहल के तहत आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में ईडब्ल्यूएस (अल्प आय वर्ग) के बच्चों के लिए निशुल्क खेल प्रशिक्षण का आठवां बैच सोमवार, 6 अप्रैल से शुरू हो गया है। आधुनिक खेल सुविधाओं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति और अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में टीएसएच लगातार शहर की उभरती खेल प्रतिभाओं को तराशने का मजबूत प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है।

इस बार आठवें बैच के लिए कुल 641 आवेदन फॉर्म वितरित किए गए थे, जिनमें से 310 आवेदन प्राप्त हुए। पात्रता की जांच के बाद 255 बच्चों ने ट्रायल में भाग लिया। 2 अप्रैल को आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों की फिटनेस, खेल के प्रति झुकाव (एप्टीट्यूड) और व्यक्तिगत खेल कौशल का गहन परीक्षण किया गया। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की निगरानी में सभी गतिविधियां संपन्न हुईं।
ट्रायल के दौरान बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, स्विमिंग और टेबल टेनिस जैसे खेलों में बच्चों की शारीरिक क्षमता, तकनीक और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। इसके आधार पर कुल 223 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिन्होंने मेडिकल सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और अब नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

खेलवार चयनित खिलाड़ियों का विवरण:
बैडमिंटन – 40
बास्केटबॉल – 35
बॉक्सिंग – 20
जूडो – 40
कराटे – 50
कबड्डी – 2
शूटिंग – 9
स्विमिंग – 13
टेबल टेनिस – 14
टीएसएच में खिलाड़ियों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, फिटनेस मॉनिटरिंग, डाइट गाइडेंस और प्रोफेशनल कोचिंग का समन्वित प्रशिक्षण दिया जाता है। यही वजह है कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ी लगातार जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
अब तक सात बैचों में कुल 1734 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 4 रजत और 6 कांस्य पदक, जबकि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 36 स्वर्ण, 32 रजत और 48 कांस्य पदक जीतकर कानपुर का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों के चयन की पारदर्शी प्रक्रिया
ईडब्ल्यूएस खेल प्रशिक्षण योजना के तहत खिलाड़ियों के चयन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा सुव्यवस्थित व्यवस्था लागू की गई है। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी सरकारी विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों जैसे सांसद, विधायक, पार्षद और महापौर के माध्यम से किया जाता है, वहीं स्थानीय समाचार पत्रों और नगर निगम के वेरिएबल मैसेज बोर्ड (वीएमबी) पर भी इसकी जानकारी प्रदर्शित की जाती है। आवेदन पत्रों का वितरण नगर निगम के सभी छह जोनल कार्यालयों से सुनिश्चित किया जाता है।
ट्रायल प्रक्रिया की निगरानी के लिए सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित की गई है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी और खेल विशेषज्ञ शामिल रहते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे। प्रत्येक आवेदन पत्र में जनप्रतिनिधि, सभासद, संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य और चिकित्सक की संस्तुति अनिवार्य होती है। आवेदन पत्र टीएसएच पहुंचने के बाद नगर निगम के नामित अधिकारियों द्वारा उनकी गहन स्क्रूटनी की जाती है, जिसमें ईडब्ल्यूएस मानक पूरा न करने वाले आवेदनों को निरस्त कर दिया जाता है, जबकि पात्र खिलाड़ियों को ट्रायल और आगे की चयन प्रक्रिया के लिए आमंत्रित किया जाता है।