- स्वीडन में होने वाले गोटिया कप के लिए उत्तर प्रदेश स्पेशल फुटबॉल टीम का चयन
कानपुर, 15 मार्च।
स्वीडन में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित गोटिया कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाली उत्तर प्रदेश स्पेशल फुटबॉल टीम का चयन 15 मार्च 2026 से स्पेशल ओलंपिक भारत स्पोर्ट्स सेंटर, प्रेरणा स्पेशल स्कूल कानपुर में संपन्न हुआ।
इस चयन प्रक्रिया में कुल 26 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के फुटबॉल कौशल जैसे ड्रिब्लिंग, शूटिंग, पासिंग और बॉल कंट्रोल का मूल्यांकन चयन समिति के सदस्य मनोज सिंह, बनारस के सत्यनारायण और इटावा के डॉ. दिनेश कुमार मौर्य द्वारा किया गया।
चयन के बाद घोषित टीम में कानपुर के तीन खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। इनमें कृष्ण अग्रवाल, युवराज चौरसिया और एकाग्र शुक्ला शामिल हैं। इसके अलावा इटावा के शिवम तिवारी और जीतू पाल का भी चयन हुआ है।
गौरतलब है कि कानपुर के खिलाड़ी कृष्ण अग्रवाल ने वर्ष 2024 में आयोजित गोटिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था।
टीम के कोच के रूप में सत्येंद्र सिंह यादव खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। चयन कार्यक्रम के दौरान क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर के सहमंत्री आशुतोष सत्यम झा और कमलेश यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी.डी., संयुक्त मुख्य अधिकारी कल्लूलुल हजारीका, स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, डॉ. सुब्रतो भद्रा, कृष्णा शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला और एरिया डायरेक्टर संजय दोहरे सहित कई गणमान्य लोगों ने दिव्यांग खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सभी ने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश की स्पेशल फुटबॉल टीम स्वीडन में होने वाले गोटिया कप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगी।