इंटर स्कूल डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 11-12 अक्तूबर को, युवा ताकत का होगा प्रदर्शन

 

 

  • कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म विद्या मंदिर, विष्णुपुरी में होगा आयोजन — बालक और बालिका वर्ग में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

 

कानपुर, 8 अक्टूबर।

शहर के युवा खिलाड़ियों में जोश और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिलेगा जब कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से आगामी 11 और 12 अक्तूबर 2025 को इंटर स्कूल डेडलिफ्ट प्रतियोगिता (बालक/बालिका) का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का स्थल सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म विद्या मंदिर, विष्णुपुरी, कानपुर रहेगा।

इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी शक्ति और संतुलन का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी देते हुए कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि खिलाड़ियों का पंजीकरण 11 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से स्थल पर ही किया जाएगा। पंजीकरण के दौरान खिलाड़ियों को प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित पत्र और स्कूल आईडी कार्ड प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों का शारीरिक वजन भी वहीं लिया जाएगा।

सौरभ गौर ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह है। आयोजन समिति ने सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए पदक और प्रमाणपत्र, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को ओवरऑल प्रथम, द्वितीय और तृतीय चैंपियनशिप ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं, विशेष सम्मान के रूप में “स्ट्रांग बॉय” और “स्ट्रांग गर्ल” ट्रॉफी भी प्रदान की जाएंगी।

बालक वर्ग में नौ भार वर्ग तथा बालिका वर्ग में आठ भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर पावरलिफ्टिंग को बढ़ावा देना और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना है।

प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक विद्यालय अनिल कुशवाहा (9336658975) या अभ्युदय शुक्ला (8400471436) से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment